Bank Holiday: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार शुक्रवार 28 फरवरी 2025 को कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन लोसार पर्व मनाया जाता है, जो तिब्बती बौद्ध समुदाय का प्रमुख नववर्ष पर्व है. यह त्योहार लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और हिमाचल प्रदेश के बौद्ध बहुल इलाकों में धूमधाम से मनाया जाता है.
लोसार पर्व का महत्व
लोसार का अर्थ नया साल होता है और यह पर्व प्रकृति, समृद्धि और आध्यात्मिक शुद्धिकरण का प्रतीक माना जाता है. इस अवसर पर मठों में विशेष प्रार्थनाएं होती हैं, पारंपरिक नृत्य और रंग-बिरंगे जुलूस आयोजित किए जाते हैं. लोग अपने घरों की सफाई करते हैं. दीप जलाते हैं और पारंपरिक व्यंजन जैसे गुस्थुका और खाबसे बनाते हैं. यह पर्व अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ पूरे तिब्बती समुदाय के लिए एक नया उत्साह लेकर आता है.
किन राज्यों में बैंक रहेंगे बंद?
RBI के अनुसार, 28 फरवरी 2025 को अरुणाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे. बाकी राज्यों में बैंक खुले रहेंगे. इसलिए जिन ग्राहकों को बैंकिंग कार्य करने हैं. वे इसे पहले से निपटा लें.
फरवरी 2025 में बैंक छुट्टियों की पूरी सूची
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी फरवरी 2025 के अवकाश कैलेंडर के अनुसार इस महीने विभिन्न राज्यों में अलग-अलग कारणों से बैंक बंद रहेंगे. पूरी सूची नीचे दी गई है:
तारीख | छुट्टी का कारण | राज्य |
---|---|---|
3 फरवरी | सरस्वती पूजा | त्रिपुरा |
11 फरवरी | तै पूसम | तमिलनाडु |
12 फरवरी | गुरु रविदास जयंती | पंजाब |
15 फरवरी | लुई-ङ्गाई-नि | मणिपुर |
19 फरवरी | छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती | महाराष्ट्र |
20 फरवरी | राज्य स्थापना दिवस | अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम |
26 फरवरी | महाशिवरात्रि | विभिन्न राज्य |
28 फरवरी | लोसार | अरुणाचल प्रदेश |
बैंक बंद होने से पहले जरूरी काम निपटाएं
- बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल जल्द करें – यदि आपको बैंक से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण कार्य करना है, तो इसे 27 फरवरी तक निपटा लें.
- ऑनलाइन बैंकिंग का करें उपयोग – बैंक बंद होने पर नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का उपयोग कर सकते हैं.
- ATM से पहले ही कैश निकाल लें – छुट्टियों के दौरान ATM पर भीड़ बढ़ सकती है. इसलिए पहले से कैश निकाल लें.
मार्च 2025 में फिर मिलेंगी छुट्टियां
फरवरी के बाद मार्च महीने में भी कई दिनों की छुट्टियां रहेंगी. 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को होली की सरकारी छुट्टी रहेगी. इसके बाद 29, 30 और 31 मार्च को भी लगातार छुट्टी होगी, क्योंकि 31 मार्च को ईद-उल-फितर की सरकारी छुट्टी है.